पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गो तस्कर गिरफ्तार

*पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गो तस्कर गिरफ्तार*

 

*पैर में लगी गोली, साथी फरार*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतरजनपदीय गो तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

 

क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि सरायख्वाजा थाना पुलिस टीम पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद पिकअप वाहन पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी, जिसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।

 

भागते समय देवकली नहर पुलिया के पास बदमाशों की पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

 

घायल बदमाश की पहचान आजमगढ़ जनपद के माहुल गांव निवासी मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा मय कारतूस और एक पिकअप वाहन बरामद किया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

सीओ सदर ने बताया कि दूसरा अभियुक्त सुल्तानपुर जनपद निवासी मोनू बघेल मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *