अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

*अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की मौत, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जौनपुर–शाहगंज मार्ग पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास सोमवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार ग्राम प्रधान की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल प्रधान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

खम्भौरा गांव के 52 वर्षीय ग्राम प्रधान डॉ. रामजनम यादव शहर से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पूर्वांचल विश्वविद्यालय चौकी के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तब तक प्रधान की हालत अत्यंत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने हादसे को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है तथा मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *