*पुलिस मुठभेड़ में वांछित अपराधी मोनू उर्फ बलवंत बघेल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली*
********************
*संबाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर/मीरगंज जनपद पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे वांछित अपराधी मोनू उर्फ बलवंत बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। मीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। अभियुक्त सरायख्वाजा थाने में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था।
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान एक पिकअप वाहन पर सवार दो अपराधियों में से आजमगढ़ निवासी मोहम्मद सलमान को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका साथी मोनू उर्फ बलवंत बघेल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार को मीरगंज थाना पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगा।
पुलिस ने उसका पीछा किया और कंट्रोल रूम को सूचना देकर आगे घेराबंदी कराई। सेमरी अंडरपास पुलिया के पास बदमाश खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान मोनू उर्फ बलवंत बघेल (उम्र लगभग 23 वर्ष), निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
