बीरभानपुर में मनायी बिरसा मुंडा की जयंती
बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन एवं योगदान को याद किया
बक्शा विकास खंड के बीरभानपुर गांव में जागृति सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में बिरसा मुंडा ग्राम संगठन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनायी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन एवं योगदान को याद किया। विनोद कुमार गौतम ने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सशक्त आंदोलन चलाया और अपने साहस एवं संघर्ष से अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी। उनका जीवन अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर गिरजा शंकर वनवासी ने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के लिए भगवान के समान हैं। आदिवासी एवं वनवासी समुदाय उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। संचालन अजीत कुमार वनवासी ने किया। इस मौके पर नीलम भारती, रमाशंकर गौतम, बीना भारती, अंतिम भारती, इंद्रजीत वनवासी, राजकुमार वनवासी, प्रियंका वनवासी, बबलू मुसहर सहित अन्य मौजूद थे।