माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन
करीब एक हजार युवाओं ने कराया पंजीकरण, 20 कंपनियों के माध्यम से 400 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार का अवसर
सिकरारा, जौनपुर। क्षेत्र के माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय, भभौरी में उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला सेवायोजन कार्यालय जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। करीब एक हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि लगभग 20 कंपनियों ने प्रतिभाग कर 400 अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने कहा कि रोजगार मेला प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। सरकार की मंशा है कि युवाओं को रोजगार उनके घर के आसपास ही उपलब्ध हो, ताकि उन्हें नौकरी की तलाश में दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकना न पड़े। ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं टीडी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं और जरूरतमंद लोगों के लिए सुनहरा अवसर है। यहां अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और रोजगार प्राप्त करने का बेहतर मंच मिलता है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख सिकरारा धीरू सिंह, भाजपा जिला मंत्री देवी प्रसाद सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र उपाध्याय तथा महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. तिलक राज सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजक जिला सेवायोजन अधिकारी जे.पी. पासवान ने मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों एवं उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।
रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। इस आयोजन से क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिला और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की पहल को नई गति मिली।