टॉफियां और बच्चों के खिलौने लुटाकर मनाया गया राम जन्मोत्सव, कथा पंडाल में बांटी गई मिठाइयां व प्रसाद
मेढ़ा ग्राम पंचायत में राम जन्मोत्सव पर झूम उठे श्रद्धालु, महिलाओं ने गाए सोहर गीत*
सिंगरामऊ।** क्षेत्र के मेढ़ा ग्राम पंचायत में आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के चौथे दिन भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अयोध्या धाम से पधारे कथा व्यास परम पूज्य बालकृष्ण दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जन्म की पावन कथा सुनाई। कथा के दौरान जैसे ही श्रीराम जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमने लगे।
राम जन्मोत्सव के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाकर नृत्य किया। श्रद्धालुओं ने टॉफियां और बच्चों के खिलौने लुटाए तथा मिठाइयां एवं प्रसाद वितरित किया। भक्तों ने भगवान श्रीराम के जन्म की खुशी में न्योछावर भी किया। कथा स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस अवसर पर कथा व्यास बालकृष्ण दास जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर श्रद्धा और भक्ति भाव से नृत्य करने वाले भक्तों को 84 लाख योनियों में भटकने से मुक्ति मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

उल्लेखनीय है कि मेढ़ा ग्राम पंचायत में प्रधानाचार्य शिवकुमार तिवारी के मुख्य यजमानत्व तथा प्रतिदिन अलग-अलग यजमानों एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के सहयोग से सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर पंडित ब्रह्मदेव मिश्रा, ओमप्रकाश तिवारी एडवोकेट, प्रधानाचार्य शिवप्रकाश तिवारी, प्रधानाध्यापक समरजीत तिवारी, संतोष तिवारी एडवोकेट, सुभाष तिवारी एडवोकेट,उमेश तिवारी एडवोकेट, दिगंबर नाथ मिश्रा, भुलई सेठ, राकेश तिवारी पूर्व प्रधान, भगवान प्रसाद यादव ग्राम प्रधान, ओमप्रकाश मिश्रा अध्यक्ष ग्राम रोजगार सेवक, सुरेंद्र सिंह, पप्पू गुप्ता, राजकुमार यादव, रामकुमार यादव, वीरेंद्र दुबे, सुरेंद्र दुबे, महेंद्र दुबे, भगवती प्रसाद दुबे, पंडित महेंद्र प्रसाद पांडेय, शिवकुमार शर्मा अध्यापक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।