मछलीशहर में पत्रकारों और प्रशासन का जुटा संगम, संवाद कार्यक्रम में उठे जनहित के मुद्दे
जौनपुर पत्रकार संघ की इकाई मछलीशहर ने आयोजित किया सम्मान समारोह, निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसमस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा
मछलीशहर, जौनपुर। जौनपुर पत्रकार संघ की इकाई मछलीशहर की ओर से रियारॉयल होटल में संवाद एवं सम्मान संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पत्रकारिता और समाज के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर सहभागिता करते हुए आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जौनपुर पत्रकार संघ, इकाई मछलीशहर के अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभांशु कटियार (आईएएस) तथा क्षेत्राधिकारी मछलीशहर परमानंद कुशवाहा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशि मोहन सिंह भेम भी मंच पर मौजूद रहे। अति विशिष्ट अतिथि समाजसेविका आराधना कुमारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, किसानों की समस्याओं, सामाजिक चुनौतियों तथा उनके प्रभावी समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने सकारात्मक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है।

आयोजन में बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से प्रशासन और पत्रकारिता के बीच बेहतर संबंध स्थापित होंगे तथा समाज की समस्याओं के समाधान में सामूहिक प्रयासों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर पत्रकार फैज खान, सतीश चंद, राजा रमन, शरद सिंह सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।