स्वयंभू महादेव मंदिर फिरोजपुर और महाकाली मंदिर सिगरामऊ में स्थापित प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र**
नवरात्र पर दुर्गा मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे भक्त
सिगरामऊ, जौनपुर।** शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां दुर्गा की आराधना, पूजा-अर्चना और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचकर मां के दर्शन-पूजन कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
सिगरामऊ बाजार स्थित महाकाली मंदिर, डंडारी ग्राम पंचायत के महाकाली बाग स्थित महाकाली मंदिर तथा फिरोजपुर स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर में स्थापित मां की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों का आना-जाना लगा हुआ है। नवरात्र के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कई श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के साथ ही कलश स्थापना कर मां दुर्गा की उपासना में लीन हैं।

इस दौरान मंदिरों में घंटियों की गूंज, धूप-दीप और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना कर रहे हैं।

स्वयंभू महादेव मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला ने बताया कि रविवार सुबह से ही मां दुर्गा मंदिर, स्वयंभू महादेव मंदिर और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की काफी भीड़ देखी जा रही है। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था और उत्साह है।

