माधोपट्टी की बेटी मुस्कान सोलंकी ने हरियाणा PCS परीक्षा में लहराया परचम
IAS बनना है अगला लक्ष्य*
*,
**जौनपुर।** जिले के माधोपट्टी गांव की बेटी मुस्कान सोलंकी ने हरियाणा पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है। गुरुवार शाम परीक्षा परिणाम घोषित होते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुरुवार रात मुस्कान सोलंकी अपने गांव माधोपट्टी पहुंचीं, जहां उनकी सफलता को लेकर उत्साह का माहौल रहा। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी आगामी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना है। हरियाणा पीसीएस परीक्षा में मिली सफलता को उन्होंने अपने लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
*प्रशासनिक सेवाओं में पहचान रखने वाले गांव की एक और उपलब्धि*
माधोपट्टी गांव की पहचान लंबे समय से प्रशासनिक सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए रही है। बताया जाता है कि इस गांव के 53 लोग प्रशासनिक अधिकारी बनकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब मुस्कान सोलंकी ने हरियाणा पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर गांव की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
मुस्कान की उपलब्धि से गांव के लोगों में खासा उत्साह है। उनकी सफलता क्षेत्र की युवतियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुस्कान भविष्य में आईएएस बनने का अपना सपना भी साकार करेंगी और जिले का गौरव बढ़ाएंगी।