सात साल की जास्वीका ने रचा इतिहास, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम
इनलाइन स्केटिंग में हासिल की विश्वस्तरीय उपलब्धि, 17.93 सेकंड में पूरी की 100 मीटर की रेस
*मुंबई।* प्रतिभाशाली बच्चों के गुण बचपन से ही दिखाई देने लगते हैं। इस कहावत को चरितार्थ करते हुए राहुल एजुकेशन द्वारा संचालित राहुल इंटरनेशनल स्कूल, पुणे में कक्षा दो की छात्रा सात वर्षीय जास्वीका भारतेश जैन ने इनलाइन स्केटिंग में शानदार उपलब्धि हासिल कर अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और देश का नाम गौरवान्वित हुआ है।
जास्वीका ने इनलाइन स्केट्स पहनकर उल्टी दिशा में यानी पीछे की ओर 100 मीटर की दूरी सबसे तेज गति से तय करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इस बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण रेस को महज **17.93 सेकंड** में पूरा कर अपनी असाधारण गति, संतुलन और प्रतिभा का परिचय दिया। इतनी कम उम्र में उनके इस प्रदर्शन ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।
इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड का आयोजन कर्नाटक के बेलगावी स्थित शिवगंगा के आरएससी ट्रैक पर किया गया। जास्वीका की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम माना जा रहा है।
राहुल एजुकेशन के चेयरमैन लल्लन तिवारी ने जास्वीका की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में विश्व रिकॉर्ड बनाना उनकी मेहनत, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राहुल एजुकेशन, बल्कि पूरा देश गौरवान्वित हुआ है।
वहीं, राहुल एजुकेशन के सचिव राहुल तिवारी ने जास्वीका की सफलता को प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।
जास्वीका की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनकी यह कामयाबी अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।