बदलापुर में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग
इंदिरा चौक पर की नारेबाजी, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बदलापुर, जौनपुर।
बदलापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी आरती सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने इंदिरा चौक पर नारेबाजी करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बदलापुर को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई।
कांग्रेसियों ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है।

प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनाने पर जोर देते हुए संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।