पहितियापुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों ने दी तहरीर
एक पक्ष ने भाई का हाथ टूटने तो दूसरे ने पत्नी व मां के फ्रैक्चर होने का लगाया आरोप
सिंगरामऊ (जौनपुर) थाना क्षेत्र के पहितियापुर गांव में 8 अक्टूबर की सुबह चकरोड और मकान निर्माण को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच मारपीट हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सिंगरामऊ थाने में तहरीर दी है।
पहले पक्ष के संदीप दूबे पुत्र राजेंद्र कुमार दूबे का आरोप है कि मुकदमे से संबंधित जमीन पर निर्माण कार्य का विरोध करने पर अमरावती, राकेश दूबे, रत्नेश दूबे और ममता ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। इसमें संदीप, उनकी मां सुनीता देवी और भाई सुंदरम कुमार दूबे घायल हो गए। उन्होंने भाई का हाथ फ्रैक्चर होने और सिर में चोट लगने का आरोप लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के राकेश कुमार दूबे पुत्र जगदीश प्रसाद दूबे ने आरोप लगाया कि मकान के अंदर काम कराने के दौरान संदीप, सुंदरम और सुनीता ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी ममता और मां अमरावती भी घायल हो गईं। राकेश ने पत्नी और मां के हाथ में फ्रैक्चर होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
वही दोनों पक्षों की लिखित तहरीर के आधार परन पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।