डायट जौनपुर में पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन, पुरानी यादों से फिर जुड़ा संस्थान
छात्राओं को एक मंच पर एकत्रित कर उन्हें संस्थान से पुनः जोड़ना तथा उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों को साझा करना
जौनपुर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), जौनपुर में पुरातन छात्र सम्मेलन-2026 का आयोजन 8 अक्टूबर
2026 को उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य संस्थान के पूर्व छात्र छात्राओं को एक मंच पर एकत्रित कर उन्हें संस्थान से पुनः जोड़ना तथा उनके अनुभवों एवं उपलब्धियों को साझा करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में पुरातन छात्रों का बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
सम्मेलन के दौरान पुरातन छात्र छात्राओं ने संस्थान में अपने प्रशिक्षण काल की स्मृतियों को साझा करते हुए अपने अनुभव एवं विचार प्रस्तुत किए। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने संस्थान से जुड़े अपने भावनात्मक संबंधों को व्यक्त किया। कार्यक्रम में गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि पुरातन छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की
महत्वपूर्ण पूंजी होते हैं। संस्थान से शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले पूर्व छात्र जब अपने संस्थान से पुनः जुड़ते हैं, तो इससे संस्थान की गरिमा और गौरव दोनों बढ़ते हैं। ऐसे सम्मेलन पूर्व छात्रों और वर्तमान प्रशिक्षुओं के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने आकर्षक संचालन एवं प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा तथा विभिन्न कार्यक्रमों के बीच सुंदर समन्वय स्थापित किया सम्मेलन के अंत में सभी अतिथियों, पुरातन छात्र-छात्राओं, प्रशिक्षुओं एवं संस्थान के समस्त कार्मिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने पुरातन छात्रों में अपने संस्थान के प्रति आत्मीयता एवं जुड़ाव की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता आलोक कुमार तथा प्रवक्ता डॉ अश्विनी पांडेय, वरुण कुमार, राजकुमार समस्त पुरातन प्रशिक्षु आदि उपस्थित रहे l
— जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जौनपुर


