अमृत सरोवर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
*परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल*
मीरगंज (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के भीदुना गांव में सोमवार को अमृत सरोवर में नहाने गए 32 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार करियांव-मीरगंज निवासी रामलाल सरोज सोमवार को भीदुना गांव स्थित अमृत सरोवर में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उनका शव पानी से बरामद किया गया।
रामलाल चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाइयों के नाम संदीप, नीरज और गोबिंदा बताए गए हैं। बताया गया कि उनकी पत्नी कुछ वर्ष पूर्व उन्हें छोड़कर चली गई थी। बेटे की मौत की खबर सुनकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
