शाहगंज में सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, क्षेत्र में मची सनसनी*
*करीब 30 वर्षीय युवक की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच**
शाहगंज (जौनपुर)। शाहगंज थाना क्षेत्र के ताखा पूरब गांव के पास चिरैया मोड़-कटार मार्ग पर सोमवार को सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
