प्रतापगढ़ पट्टी विधायक राम सिंह पटेल के घर पहुंचे अखिलेश यादव*
2027 की सियासी तैयारियों के बीच मुलाकात से बढ़ी हलचल, परिवार से मिले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष*
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रायबरेली दौरे के दौरान पट्टी विधायक राम सिंह पटेल से मुलाकात की। अखिलेश यादव रायबरेली शहर स्थित राम सिंह पटेल के निजी आवास पहुंचे, जहां विधायक और उनके परिवार के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आई है। पट्टी विधायक राम सिंह पटेल की 2027 में संभावित उम्मीदवारी को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में पहले से चर्चाएं हैं। ऐसे में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का विधायक के निजी आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात करना राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, 2027 के लिए पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। अखिलेश यादव ने राम सिंह पटेल और उनके परिवार को आगामी समय के लिए शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के बाद स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।