फिरोजपुर में नौ दिवसीय दुर्गा पूजा का समापन, हवन-पूजन व कन्या पूजन के साथ श्रद्धा का माहौल

*फिरोजपुर में नौ दिवसीय दुर्गा पूजा का समापन, हवन-पूजन व कन्या पूजन के साथ श्रद्धा का माहौल*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

फिरोजपुर स्थित स्वयंभू महादेव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय दुर्गा पूजा का शुक्रवार को विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा मां दुर्गा के समक्ष हवन-पूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

हवन-पूजन के पश्चात ग्रामीण महिलाओं ने विधि-विधान से कन्या पूजन किया। कन्याओं को हलवा-पूरी का प्रसाद खिलाकर उनका श्रृंगार किया गया तथा दक्षिणा प्रदान की गई। इसके बाद कन्याओं के माध्यम से मां दुर्गा की स्तुति कर परिवार की कुशलता और देश में अमन-शांति की कामना की गई।

 

पूरे नौ दिनों तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा। यह स्थल पंचधाम के रूप में भी प्रसिद्ध है, जहां मान्यता है कि भगवान भोलेनाथ स्वयं प्रकट हुए थे, इसी कारण इसे स्वयंभू महादेव के नाम से जाना जाता है। यहां वर्ष भर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।

 

मंदिर परिसर में स्थित शनिदेव मंदिर, हनुमान जी महाराज का मंदिर तथा मंदिर की नींव रखने वाले त्यागी महाराज की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।

 

मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष शुक्ला सहित सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में दुर्गा पूजा का समापन संपन्न हुआ। अब श्रद्धालु राम जन्म के शुभ अवसर का इंतजार कर रहे हैं। राम जन्म के पश्चात आरती-पूजन और प्रसाद वितरण किया जाएगा। वर्तमान में मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम लगातार जारी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *