*प्रतापगढ़ थाना रानीगंज के अंतर्गत शादी का झांसा देकर महिला सिपाही का किया यौन शोषण*
*पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी समेत 8 लोगों के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला सिपाही के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2018 से रानीगंज थाने में तैनात महिला सिपाही की पहचान कस्बा रस्तीपुर निवासी सोनू उर्फ वीर बहादुर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह संबंध प्रेम में बदल गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला सिपाही ने बताया कि वह आरोपी के घर भी आती-जाती रही और दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चलती रही। लेकिन जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के परिवार और करीबी लोगों से मदद मांगी, लेकिन सभी ने उसे दुत्कार कर भगा दिया। पीड़िता ने पहले थाने स्तर पर शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ वीर बहादुर, एक अज्ञात साथी, उसकी मां, बहन, मामा, जीजा तथा दो अन्य करीबी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। अब शादी से इनकार के बाद यह मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
