*जौनपुर: पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जनपद जौनपुर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में थाना सिंगरामऊ पुलिस टीम ने एक अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुन्तजर के नेतृत्व में पुलिस टीम शुक्रवार (27 मार्च 2026) को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्बा सिंगरामऊ स्थित हरिहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अचानक पीछे मुड़कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगा। फायर की गई गोली उपनिरीक्षक राजेश राम के पास से गुजर गई।
पुलिस टीम ने तत्परता और प्रशिक्षण का परिचय देते हुए अभियुक्त का पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम धीरज कुमार मोदनवाल (26 वर्ष), पुत्र मदनलाल, निवासी दानूपुर थाना रानीगंज, जनपद प्रतापगढ़ बताया।
अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर) एवं एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने उसे समय 05:35 बजे गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना सिंगरामऊ में मु0अ0सं0 34/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय जौनपुर भेज दिया गया है।
