*प्रतापगढ़ नगर पंचायत ढकवा फोर लेन बाई पास पर सड़क हादसे में खलासी की दर्दनाक मौत*
*ढकवा मोड़ के पास एन एच 731 सुल्तानपुर हाईवे पर खड़े ट्रेलर में ट्रक ने मारी टक्कर*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ नगर पंचायत ढकवा के अंतर्गत सुल्तानपुर-जौनपुर हाईवे पर ग्राम सोनपुरा के पास शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रेलर के टायर साफ कर रहे खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी के ग्राम सेवकहा निवासी जसवीर सिंह अपने ट्रेलर (HR69D3080) को लेकर ओडिशा से पंजाब जा रहे थे। शनिवार रात करीब 8 बजे उन्होंने सुल्तानपुर हाईवे पर ग्राम सोनपुरा के पास चाय पीने के लिए अपनी गाड़ी रोकी थी।
इसी दौरान उनका भाई और ट्रेलर का खलासी, दलवीर सिंह (28 वर्ष), नीचे उतरकर ट्रेलर के टायर में फंसी गिट्टियां साफ करने लगा। तभी जौनपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक (UP78CN1751) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी भीषण थी कि दलवीर के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई जसवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
