पवारा बाजार के आद्येश्वर महादेव धाम से अष्टधातु की मूर्ति चोरी

*पवारा बाजार के आद्येश्वर महादेव धाम से अष्टधातु की मूर्ति चोरी*

 

*थाने से महज एक किलोमीटर दूर वारदात, तीन पीतल के घंटे भी ले गए चोर; पुलिस जांच में जुटी*

*******************

*संबाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर। पवारा बाजार स्थित आद्येश्वर महादेव धाम में मंगलवार की रात चोरों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ली। इसके साथ ही चोर मंदिर परिसर में लगे तीन पीतल के घंटे भी उठा ले गए। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी को हुई तो उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी।

 

मंदिर के पुजारी सुशील मिश्रा ने बताया कि वह बुधवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे मंदिर पहुंचे थे। पूजा-पाठ की तैयारी के दौरान उनकी नजर मूर्ति वाले स्थान पर पड़ी तो वहां भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की प्रतिमा गायब थी। मंदिर से घंटे भी चोरी होने की जानकारी सामने आने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस घटना के जल्द खुलासे के लिए प्रयास कर रही है।

 

मंदिर के संस्थापक एवं पूर्व सीओ दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर निर्माण के बाद वर्ष 2024 में उन्होंने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की प्रतिमा करीब 2.70 लाख रुपये में खरीदी थी। उनके अनुसार चोरी हुई प्रतिमा और तीनों पीतल के घंटों की कुल कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है।

 

थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का पर्दाफाश कर मूर्ति बरामद करने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!