खाद्यान्न घोटाला मामला: ईओडब्ल्यू वाराणसी ने पूर्व कोटेदार को किया गिरफ्तार

*खाद्यान्न घोटाला मामला: ईओडब्ल्यू वाराणसी ने पूर्व कोटेदार को किया गिरफ्तार*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। जिले में खाद्यान्न घोटाले के एक पुराने मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) वाराणसी की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कोटेदार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी जफराबाद थाना क्षेत्र के बाबूपुर निवासी हीरालाल मौर्य है, जिसे उसके निवास स्थान से पकड़ा गया।

 

ईओडब्ल्यू वाराणसी के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2004–05 के दौरान राज्य सरकार की ओर से संचालित सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत सरकोनी विकासखंड के विभिन्न गांवों में क्षेत्र पंचायत अंश से नाली निर्माण, खड़ंजा निर्माण, पटरी मरम्मत, संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य, सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित थे। इन कार्यों में लगे मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना था।

 

आरोप है कि योजना के तहत कार्य कराने में फर्जी मस्टर रोल तैयार कर पात्र श्रमिकों को खाद्यान्न वितरित नहीं किया गया और चावल की कालाबाजारी कर लगभग 95 हजार रुपये का गबन किया गया। इस मामले में तत्कालीन बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख, सचिव और कोटेदार को आरोपी बनाया गया था।

 

इस संबंध में वर्ष 2012 में जलालपुर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय से विवेचना के बाद ईओडब्ल्यू ने अब इस मामले में पूर्व कोटेदार हीरालाल मौर्य को गिरफ्तार किया है।

 

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक करुणेश सिंह, रवीन्द्र प्रताप यादव तथा मुख्य आरक्षी सरफराज अंसारी शामिल रहे। ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है, वहीं अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *