*प्रतापगढ़ जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में पट्टी तहसील में संपन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस*
*286 आवेदन हुए प्राप्त, 12 राजस्व मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़ पट्टी तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुल 286 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
यह समाधान दिवस सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, उप जिलाधिकारी पूर्णेन्दु मिश्र, सीओ मनोज कुमार रघुवंशी, तहसीलदार पवन कुमार सिंह, नायब तहसीलदार कृपा शंकर यादव, एडब्ल्यूबीएन देश दीपक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्राप्त 286 प्रार्थना पत्रों में से पुलिस विभाग से
संबंधित 38, विकास विभाग के 22, समाज कल्याण के 6, शिक्षा के 5 और स्वास्थ्य विभाग के 3 आवेदन शामिल थे। इनके अतिरिक्त 66 अन्य प्रार्थना पत्र भी दर्ज किए गए। समाधान दिवस में कई फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। भावापुर निवासी विंध्यवासिनी पाण्डेय ने गांव में सरकारी खेलकूद के मैदान पर अवैध कब्जे की शिकायत की।
इसी तरह, आसलपुर के दीनानाथ ने चकमार्ग पर वृक्ष लगाकर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया। कुकुवार निवासी उमापति ने गांव में पानी निकासी के लिए बनी पक्की नाली को एक ग्रामीण द्वारा बाधित करने की समस्या बताई। शोभावती पत्नी जगत नारायण ने अपने आवासीय आवंटन पर कब्जा दिलाने की मांग की।
ठनेनेपुर गोपापुर के गंगा प्रसाद ने गांव के सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। धनेपुर के महावीर ने भी खेलकूद के मैदान पर अवैध अतिक्रमण को हटाने का आरोप लगाया जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे प्राप्त प्रार्थना पत्रों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
