*प्रतापगढ़: आकाशीय बिजली गिरने से 400 केवीए ट्रांसफार्मर जला, 48 घंटे ठप रही बिजली व्यवस्था*
*ढकवा बाजार में ट्रांसफार्मर लगने के बाद रात्रि में बहाल होगी आपूर्ति*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा बाजार में आकाशीय बिजली गिरने से 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे बाजार के लगभग आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच करीब 48 घंटे तक बिजली न रहने से व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। शिकायत पर अवर अभियंता विनय जायसवाल ने तत्काल विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर 400 केवीए ट्रांसफार्मर मंगवाने की व्यवस्था कराई ।
विभागीय टीम ने क्रेन की सहायता से नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत लाइन से जोड़ने का कार्य भी पूरा कर लिया। विद्युत विभाग के अनुसार ट्रांसफार्मर में सप्लाई जोड़ दी गई है और बुधवार रात्रि तक ढकवा बाजार की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। बिजली बहाली की सूचना से क्षेत्रवासियों और व्यापारियों में राहत की उम्मीद जगी है। इस दौरान वेद प्रकाश सिंह, सुभाष चंद्र हलवाई, अनिल यादव, सियाराम यादव, सभासद प्रतिनिधि हंसराज यादव, राहुल सोनी, चंदन यादव समेत बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
