नवरात्रि, दशहरा व रामलीला को लेकर सिगरामऊ थाने में पीस कमेटी की बैठक
थाना प्रभारी ने पंडाल संचालकों व रामलीला आयोजकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सिगरामऊ (जौनपुर)। आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं रामलीला मंचन को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सिगरामऊ थाने में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मौर्य ने की। इस दौरान क्षेत्र में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों व क्षेत्रीय लोगों से विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक में क्षेत्र में स्थापित होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला मंचन, दशहरा मेला सहित अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। थाना प्रभारी ने आयोजकों से कहा कि सभी कार्यक्रम निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार ही आयोजित किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा पंडाल, मेला स्थल एवं रामलीला मंचन बिना आवश्यक सूचना और अनुमति के संचालित न किए जाएं। साथ ही आयोजकों से सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

बैठक में ग्राम प्रधान संघ के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा, ग्राम प्रधान लालदेव यादव, महमूदपुर के प्रधान संजय सिंह, पंकज सिंह, अरुणेश सैनी, पवन बरनवाल, विपुल बरनवाल, राहुल जायसवाल, विनय यादव, फारूक अहमद, रवि मौर्य, जयचंद सहित कई ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
