डूब रहे अधेड़ व्यक्ति को युवक ने बचाया
बक्सा में युवक ने अपनी जान पर खेलकर गोमती नदी में डूब रहे 50 वर्षीय अधेड़ को सकुशल बचा लिया।
जौनपुर के नौपेड़वा (बक्शा थाना क्षेत्र) के सड़ेरी गांव में एक युवक ने अपनी जान पर खेलकर गोमती नदी में डूब रहे 50 वर्षीय अधेड़ को सकुशल बचा लिया।
सड़ेरी गांव के रहने वाले 50 वर्षीय श्रवण कुमार यादव सोमवार सुबह गोमती नदी के किनारे टहलने गए थे। कुछ समय पहले लकवा (पैरालिसिस) मारने के कारण वे शारीरिक रूप से काफी कमजोर थे। नदी किनारे पैर धोते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नदी की तेज धारा में बहने लगे।
धारा तेज होने के कारण श्रवण कुमार करीब एक किलोमीटर दूर तक बहते चले गए। इसी बीच नदी किनारे मछली पकड़ रहे भट्ठी गांव के निवासी गौरी शंकर निषाद की नजर बहते हुए अधेड़ पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए ऊपर बस्ती में लोगों को आवाज दी।
सूचना मिलते ही गौरी शंकर के पुत्र निलेश निषाद, भतीजे आकाश और मयंक निषाद बिना वक्त गंवाए नाव लेकर नदी में उतर गए। तीनों युवकों ने तेजी से नाव चलाकर बहते हुए श्रवण कुमार का पीछा किया और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवकों की सूझबूझ और बहादुरी के कारण अधेड़ की जान बच सकी। इस साहसिक कार्य के लिए पूरे क्षेत्र में निलेश, आकाश और मयंक की जमकर सराहना हो रही है।
