सिपाही ने खुदकुशी की
सिपाही अभिषेक की आत्महत्या का मामला
सिपाही अभिषेक की आत्महत्या से शादी वाले घर में पसरा मातम, परिवार में मचा कोहराम, आत्महत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं
सुरेरी/जौनपुर। महुआपार निवासी पुलिसकर्मी अभिषेक सिंह की आत्महत्या की सूचना मिलते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में बड़ी बहन अंकिता की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब भाई की अर्थी उठने से हर आंख नम है। घटना की खबर से परिजन ही नहीं, बल्कि गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
महुआपार निवासी धर्मेंद्र सिंह के तीन बच्चों में अभिषेक दूसरे नंबर पर था। अभिषेक की अभी शादी नहीं हुई थी। बड़ी बहन अंकिता की शादी तय होने के बाद घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। वहीं छोटा भाई शिवांश इंटर की पढ़ाई कर रहा है। परिवार के भरण-पोषण में पिता खेती के साथ निजी कार चलाकर सहयोग करते हैं।
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक का चयन पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर हुआ था और वर्तमान में वह जौनपुर जिले के सुरेरी थाने में तैनात था। बहन की शादी की तैयारियों में अभिषेक भी परिवार के साथ जुटा हुआ था। करीब एक सप्ताह पहले उसने अपनी बड़ी मां के साथ शादी की खरीदारी भी की थी।
रविवार शाम जौनपुर से अभिषेक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना घर पहुंची तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की तैयारियों में जुटे घर में अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी से संबंध को लेकर भी चर्चा
घटना के बाद गांव में अभिषेक और सुरेरी थाना प्रभारी के बीच संबंध ठीक नहीं होने की चर्चा भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व अभिषेक किसी मामले के सिलसिले में देवरिया गया था। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
परिजनों ने जौनपुर के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद थाना प्रभारी के थाने पर मौजूद नहीं होने को लेकर भी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला पूरी तरह संदिग्ध बना हुआ है।