कंधी पुल के पास युवक से मारपीट
चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
तेजीबाजार/जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के कंधी पुल के पास एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धनौवा गांव निवासी विनोद यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भतीजे अमित यादव को कंधी पुल के पास चार अज्ञात लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने अमित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर तेजीबाजार पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*संवाद: माता चरण पांडे*