सिगरामऊ व जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन, 184 मरीजों की ओपीडी
वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी
सिगरामऊ/जौनपुर। सरकार की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, ठंड लगने तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 184 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई।
सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्सक डॉ. अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में महिला चिकित्सक डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं फार्मासिस्ट श्रीराम यादव ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। डॉ. अभिषेक वर्मा के कक्ष में सर्वाधिक 173 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई।
वहीं, जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 11 मरीजों की ओपीडी दर्ज हुई। यहां डॉ. सुशील यादव, डॉ. दिनेश यादव, एएनएम मीरा यादव एवं वार्ड ब्वॉय मोने अली ने मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

चिकित्सकों ने बताया कि इन दिनों वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और ठंड लगने की शिकायत वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कई मरीजों में कमजोरी के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में उबला हुआ पानी पीने और ओआरएस घोल का सेवन करने की सलाह दी।
चिकित्सकों ने कहा कि यदि तीन दिन से अधिक समय तक बुखार बना रहता है तो आवश्यक जांच अवश्य कराएं। घर में किसी सदस्य को बुखार होने पर उसके संपर्क में आने से बचें और आवश्यकता के अनुसार मास्क का प्रयोग करें। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने तथा मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी गई।