30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंझू मुठभेड़ में ढेर
साथी मौके से फरार,बृजेश झारखंड का रहने वाला था
वाराणसी। उत्तर प्रदेश एटीएस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के दौरान 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मार गिराने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बृजेश झारखंड का रहने वाला था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।
एटीएस के डीएसपी विपिन राय के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि बृजेश अपने एक साथी के साथ बाइक से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, रुकने का इशारा किए जाने पर बृजेश ने एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान डीएसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण के बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। जवाबी कार्रवाई में बृजेश को गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान बृजेश का साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने फरार साथी की तलाश में क्षेत्र में अभियान शुरू कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।