*बरईपार बाजार से गायब मासूम को पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोजा, परिजनों को सौंपा*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
बरईपार/जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के बरईपार बाजार में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेलते-खेलते एक पांच वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरईपार नेवढिया गांव निवासी प्रीति मोदनवाल की पांच वर्षीय पुत्री घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक कहीं चली गई और काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। आसपास के लोगों की मदद से बच्ची की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बच्ची के लापता होने की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तेजीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया और कुछ ही समय बाद बच्ची को बरईपार स्थित यूनियन बैंक के निकट से सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्ची को उसकी मां प्रीति मोदनवाल के हवाले कर दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
तलाश अभियान में विजय यादव सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
