बदहाली से बदलाव की ओर बढ़ा कमल सरोवर, सेवार्थम फाउंडेशन ने शुरू किया स्वच्छता अभियान

*बदहाली से बदलाव की ओर बढ़ा कमल सरोवर, सेवार्थम फाउंडेशन ने शुरू किया स्वच्छता अभियान*

*डॉ. आशीष तिवारी बोले— लम्भुआ की ऐतिहासिक धरोहर का होगा कायाकल्प, डीसी मनरेगा ने सराहा जनसहयोग का प्रयास*

संवाददाता दधीच विश्वकर्मा

लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र के दुबौली स्थित ऐतिहासिक कमल सरोवर को पुनः उसकी पुरानी पहचान दिलाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पत्रों में सरोवर की बदहाल स्थिति उजागर होने के बाद सेवार्थम फाउंडेशन ने स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान का पहला चरण शुरू किया। अभियान में फाउंडेशन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अभियान की शुरुआत फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी ने सरोवर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरोवर के चारों ओर फैली झाड़ियों, कूड़े-कचरे और इंटरलॉकिंग मार्ग के दोनों किनारों पर उगी घास की सफाई कर आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाया। कई घंटों तक चले इस श्रमदान अभियान से परिसर की तस्वीर बदलती नजर आई।

इस अवसर पर डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि कमल सरोवर केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि लम्भुआ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। इसकी उपेक्षा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन चरणबद्ध तरीके से सरोवर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य आगे बढ़ाएगा।

उन्होंने बताया कि आगामी चरणों में पूरे परिसर की व्यापक साफ-सफाई, झाड़ियों की नियमित कटिंग, इंटरलॉकिंग मार्ग का विस्तार एवं मरम्मत, राम प्रतिमा तक नए इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कमल सरोवर धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के दृष्टिकोण से भी आकर्षण का केंद्र बन सके।

डॉ. तिवारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक धरोहरों की रक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी नैतिक जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग मिलकर सहयोग करें तो कमल सरोवर को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं आस्था स्थलों में शामिल किया जा सकता है।इस जनहित पहल की सराहना करते हुए डीसी मनरेगा अजीत सिंह ने दूरभाष पर डॉ. आशीष तिवारी से बातचीत कर अभियान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सरोवर के विकास से जुड़े संभावित कार्यों पर भी चर्चा की तथा सामाजिक सहभागिता के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए फाउंडेशन को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!