*प्रतापगढ़ : बाग की जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार*
*पुलिस व राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया निर्माण कार्य, माप में विवादित गाटा पर निर्माण मिलने की बात*
प्रतापगढ़। जनपद के थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत ढकवा-छतौना निवासी फूलचंद निषाद पुत्र गगई ने दबंगों पर उनकी बाग की भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने आसपुर देवसरा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।फूलचंद निषाद के अनुसार उनकी बाग स्थित गाटा संख्या 347 पर विपक्षी बबुली निषाद पुत्र गोपाल सहित अन्य लोग जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं। उनका कहना है कि वर्ष 1992 में दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला न्यायालय में विचाराधीन था, जिसके बाद आपसी समझौता हुआ था। समझौते के तहत गाटा संख्या 347 के पश्चिम दिशा में दो लाठा भूमि रास्ते के लिए छोड़ने के बाद ही किसी प्रकार का निर्माण किया जाना तय हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षी समझौते की शर्तों की अनदेखी करते हुए रास्ता छोड़ने के बजाय उनकी बाग की भूमि पर ही निर्माण करा रहे हैं, जिससे उन्हें न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल विकास सरोज ने बताया कि दीवानी न्यायालय में दोनों पक्षों के बीच गाटा संख्या 347 के पश्चिम दो लाठा रास्ता छोड़ने का समझौता हुआ था। शिकायत मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई। पैमाइश के दौरान निर्माण कार्य गाटा संख्या 347 में पाया गया, जिसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया।वहीं, *थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा राकेश चौरसिया ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस एवं राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।*
