सिगरामऊ-जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला

*सिगरामऊ-जमऊपट्टी में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला*

 

*126 मरीजों का हुआ नि:शुल्क उपचार, अचानक बढ़े वायरल फीवर के मरीज*

*******************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ/जौनपुर। शासन की मंशा के अनुरूप रविवार को सिगरामऊ एवं जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 126 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

 

सिगरामऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 115 मरीजों का उपचार किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मरीजों की जांच की गई। दो दिन से अधिक बुखार से पीड़ित मरीजों की विशेष जांच कराई जा रही है। वहीं वृद्धजनों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉ. पूजा त्रिपाठी एवं डॉ. श्रुति पांडे ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

 

मच्छरजनित रोगों से बचाव की सलाह

 

डॉ. अभिषेक वर्मा एवं डॉ. सुशील यादव ने लोगों को डेंगू, मलेरिया व अन्य मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए जलभराव न होने देने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा दो दिन से अधिक बुखार होने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी।

 

वायरल फीवर व त्वचा संक्रमण के बढ़े मामले

 

जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ सुशील कुमार यादव व डॉक्टर दिनेश यादव एनम मीरा तथा वार्ड बॉय मोने अली द्वारा 11 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उमस के कारण वायरल फीवर एवं त्वचा संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुखार के मरीजों की जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।

 

एंटी-वेनम उपलब्ध कराने की मांग

 

सीमा क्षेत्र में स्थित दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हैं, लेकिन सर्पदंश के उपचार के लिए अब तक एंटी-वेनम उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम को देखते हुए दोनों अस्पतालों में एंटी-वेनम उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!