लम्भुआ में 2.278 किलो अवैध गांजा के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

लम्भुआ में 2.278 किलो अवैध गांजा के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

लम्भुआ (सुलतानपुर)। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लम्भुआ पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 278 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित पिता-पुत्र बताए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में अपराधियों और मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के निर्देशन में थाना लम्भुआ पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान छंगी मोड़, ग्राम पाण्डेपुर के पास पुलिस टीम को दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 2 किलो 278 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजा में एक काली पन्नी में 1 किलो 136 ग्राम तथा एक सफेद पन्नी में 1 किलो 142 ग्राम गांजा रखा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रखर सोनी (20 वर्ष) पुत्र संतोष सोनी तथा संतोष सोनी (44 वर्ष) पुत्र ताराप्रसाद सोनी, निवासी ग्राम शाहपुर हरिवंश, थाना लम्भुआ, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध थाना लम्भुआ में मु0अ0सं0 287/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया।

इस कार्रवाई को थाना लम्भुआ पुलिस की सतर्कता और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल निकेश यादव तथा हेड कांस्टेबल अभिषेक मिश्रा (चीता मोबाइल) शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!