बदलापुर ब्लॉक परिसर में3 दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला संपन्न

*बदलापुर ब्लॉक परिसर में3 दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला संपन्न*

 *योजनाओं की दी गई जानकारी,लाभार्थियों को वितरित किए गए सहायता प्रमाण पत्र*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

बदलापुर (जौनपुर)। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास खंड परिसर बदलापुर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह ने फीता काटकर किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए मुख्य अतिथि ने जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं धात्री महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ने बच्चों एवं महिलाओं को उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं, दैवीय आपदा में गौवंश की क्षति होने पर भी पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

 

अपने संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित किया जा रहा है।

 

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्लॉक परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। सीमा सिंह के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी रणजीत सिंह, सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर राजकुमार रंजन, अंबुज, मिथिलेश सिंह, विनोद शर्मा, आर.के. उपाध्याय, मिथिलेश मिश्रा, पवन गुप्ता, यामिनी सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर शिक्षा, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग द्वारा स्टाल लगाए गए। पशुपालन विभाग की ओर से डॉ. प्रदीप यादव (डीटीसीवीओ), डॉ. त्रिलोकीनाथ (वीओ) तथा पशुधन प्रसार अधिकारी देवलाल कनौजिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!