तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत

*तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: बक्शा थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना धनियामऊ नहर के पास शाम करीब 4:30 बजे की है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के हरिगांव खपरहां निवासी अंकित यादव की पत्नी अंजली यादव (25) अपने चाचा के साथ मोटरसाइकिल (यूपी 62 डीजे 9657) से धनियामऊ बाजार जा रही थीं।

जब वे धनियामऊ नहर के पास पहुंचीं, तभी एक अज्ञात पावरट्रैक ट्रैक्टर चालक गलत दिशा से तेज गति और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए आया तथा मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अंजली यादव सड़क पर गिर गईं और ट्रैक्टर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही धनियांमऊ चौकी प्रभारी मो. शाहनवाज सिद्दीकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अंजली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां भेजा गया।

चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका का मायका बक्शा थाना क्षेत्र के बरपुर गांव में है। सोमवार को मृतका के भाई ने बक्शा थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *