*सर्पदंश से 32 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर थाना क्षेत्र के बदलापुर खुर्द गांव में सर्पदंश से एक 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदलापुर खुर्द निवासी श्याम बहादुर निषाद की पत्नी सिंदु (32) को शुक्रवार देर रात जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन पहले उन्हें झाड़-फूंक के लिए मीरशादपुर ले गए, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें जिला
अस्पताल ले जाया गया, जहां से भी राहत नहीं मिलने पर बी.एस. उपाध्याय के यहां उपचार के लिए ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार ने थाना प्रभारी की मौजूदगी में मृतका के पति का लिखित बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रमेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सनी शुक्ला, पत्रकार प्रेम शर्मा, ग्राम प्रधान चौधरी रजक, पूर्व प्रधान विजय प्रताप सिंह (पप्पी) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के महिला-पुरुष मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। महिला की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
