*सर्पदंश से 80 वर्षीय वृद्धा की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
*******************
*संबाद :प्रेम शर्मा*
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सर्पदंश की घटना में 80 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर गांव निवासी मुन्ता देवी (80), पत्नी स्वर्गीय धनईराम गौतम, को गुरुवार देर रात किसी विषैले सांप ने काट लिया। परिजन गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल, जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को मृतका के परिजनों ने बक्शा थाने में घटना की लिखित सूचना देते हुए शव का पोस्टमार्टम कराए जाने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
