*प्रतापगढ़ आसपुर देवसरा रत्तीपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन, एसडीएम समेत सभी विभागीय अधिकारी रहे मौजूद*
*एसडीएम ने गांव भ्रमण कर आवास व जन कल्याणकारी योजनाओं का लिया जाएजा*
प्रतापगढ़, में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड आसपुर देवसरा क्षेत्र की ग्राम सभा रत्तीपुर में सोमवार रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्विरोध प्रधान रिंकी सिंह पत्नी मनीष सिंह ने की। चौपाल में एसडीएम पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र सहित
विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान अधिकारियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। कार्यक्रम में कुल
सात शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनका संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने संबंधित विभागों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।एसडीएम पूर्णेन्दु मिश्र ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।इस अवसर पर एसडीएम ने अधिकारियों के साथ गांव का
भ्रमण भी किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण,
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में सामूहिक भोजन ग्रहण किया। ग्रामीणों ने चौपाल के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद की व्यवस्था की सराहना की। यह आयोजन ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
