*एनएच-731 के जनहित मुद्दों पर केंद्र सरकार का त्वरित संज्ञान, नितिन गडकरी के निर्देश से कार्रवाई शुरू*

*एनएच-731 के जनहित मुद्दों पर केंद्र सरकार का त्वरित संज्ञान, नितिन गडकरी के निर्देश से कार्रवाई शुरू*

*सेवार्थम फाउंडेशन की पहल लाई रंग, दो टोल प्लाजा व कम ऊँचाई वाले पुलों की समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद*

दधीच विश्वकर्मा

लम्भुआ, सुलतानपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर 60 किलोमीटर से कम दूरी में संचालित दो टोल प्लाजा तथा बड़े पुलों एवं अंडरपास की कम ऊँचाई से उत्पन्न जनसमस्याओं को लेकर सेवार्थम फाउंडेशन की पहल पर केंद्र सरकार ने त्वरित संज्ञान लिया है। फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari को भेजे गए ज्ञापन के बाद मंत्रालय ने मामले को संबंधित अधिकारियों के पास परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

28 जुलाई 2026 को केंद्रीय मंत्री की ओर से जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सेवार्थम फाउंडेशन के पत्रांक SF/2026/ORG/112 (दिनांक 27 जुलाई 2026) के माध्यम से उठाए गए जनहित के सभी बिंदु प्राप्त हो चुके हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विषय की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।केंद्रीय मंत्री की इस त्वरित प्रतिक्रिया के बाद क्षेत्र में समाधान की उम्मीद बढ़ गई है। सेवार्थम फाउंडेशन ने इसे जनसरोकारों के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण बताते हुए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। फाउंडेशन की ओर से भेजे गए धन्यवाद पत्र में विश्वास जताया गया है कि मंत्रालय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर स्थित दोनों टोल प्लाजा, कम ऊँचाई वाले पुलों तथा अंडरपास से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान निकलेगा।

 

फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि इन समस्याओं के कारण वर्षों से किसानों, व्यापारियों, परिवहन संचालकों और आम यात्रियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ और आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय होता है तो इससे लम्भुआ ही नहीं, बल्कि पूरे सुलतानपुर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।क्षेत्रवासियों ने भी केंद्र सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का कहना है कि यदि मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई होती है तो लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान संभव होगा और राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सुरक्षित एवं सुगम यातायात का मार्ग प्रशस्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!