*पुरुषोत्तम मास के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब*
*गौरीशंकर धाम स्वयंभू महादेव मंदिर फिरोजपुर एवं नर्मदेश्वर नाथ मंदिर तुलापुर में हुआ जलाभिषेक व रुद्राभिषेक*
*************************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ (जौनपुर)। पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन सोमवार होने के कारण क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिगरामऊ क्षेत्र स्थित राजघराने के प्रसिद्ध गौरीशंकर धाम स्वयंभू महादेव मंदिर, फिरोजपुर तथा स्वर्गीय राम कुबेर मिश्रा द्वारा निर्मित नर्मदेश्वर नाथ मंदिर, तुलापुर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं द्वारा शिवजी की प्रिय वस्तुएं भांग, धतूरा, मदार, मधु, घी, दूध, दही एवं गन्ने के रस से विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक किया गया।
पुरुषोत्तम मास के समापन और सोमवार के विशेष संयोग के कारण शिव भक्तों में उत्साह देखते ही बन रहा था। अनेक श्रद्धालु, जिन्होंने पूरे पुरुषोत्तम मास में नियमित रूप से जलाभिषेक किया, उन्होंने अंतिम दिन भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प अर्पित कर हलवा-पूरी एवं बताशे का भोग भी लगाया।
मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की उपस्थिति तथा धूप-दीप और पूजा-अर्चना की सुगंध से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। गौरीशंकर धाम स्वयंभू महादेव मंदिर में मंदिर समिति के तत्वावधान में विद्वान आचार्य अच्युतानंद शुक्ल द्वारा सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। शाम के समय स्वयंभू महादेव मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है। इस मौके पर मुख्य रूप से मंदिर पुजारी सिंधु शुक्ला, संतोष शुक्ला ,डॉक्टर प्रकाश शुक्ला हृदय नारायण शुक्ला, मास्टर कल्लू शुक्ला, हरिप्रसाद शुक्ला, पत्रकार के के मिश्रा, बृजेश शुक्ला, मोनू मास्टर, स्वतंत्र, दीपंकर, पत्रकार स्वामीनाथ शुक्ला जीत नारायण पांडे सहित तमाम क्षेत्रीय भक्त जन मौजूद रहे।
