*प्रतापगढ़ में राजपरिवार की कोठी पर लूट, महिला को बंधक बनाकर लाखों के जेवर-नकदी लूट ले गए नकाबपोश*
*राजा अमर प्रताप सिंह की पुत्री चंदा सिंह को पीटकर बांधे हाथ-पैर, मुंह में कपड़ा ठूंसकर वारदात को दिया अंजाम; एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। जनपद के अमरगढ़ राजपरिवार की कोठी में रविवार शाम हुई दुस्साहसिक लूट की वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने राजा अमर प्रताप सिंह की पुत्री चंदा सिंह उर्फ बेवी को बंधक बनाकर घर में रखे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात की सूचना मिलते ही
पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब सात बजे चंदा सिंह अपने आवास के बाहर चारपाई पर बैठी थीं। तभी पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उन्हें दबोच लिया और जबरन घसीटते हुए घर के अंदर ले गए। विरोध करने पर
बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए तथा मुंह में कपड़ा ठूंसकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, जिससे वह किसी को आवाज न दे सकें। इसके बाद बदमाश बेखौफ होकर पूरे घर में रखे संदूक, अलमारियां, बैग और अन्य सामान खंगालते रहे।
उन्होंने जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान समेटा और आराम से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही राजपरिवार में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक कोठी पर पहुंच गए। सूचना पर आसपुर देवसरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षेत्राधिकारी पट्टी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पीड़िता से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के सख्त निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा बदमाशों की तलाश में कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। राजपरिवार की कोठी में हुई इस दुस्साहसिक लूट ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग पुलिस की कार्रवाई और इस हाई-प्रोफाइल वारदात के जल्द खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।
