कार्य ऐसा कि तबादले के बाद भी हो रही सराहना, सिंगरामऊ के पूर्व थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र बने जनता की पसंद

*कार्य ऐसा कि तबादले के बाद भी हो रही सराहना, सिंगरामऊ के पूर्व थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र बने जनता की पसंद*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ, जौनपुर। पुलिस विभाग में अक्सर अधिकारियों के तबादले होते रहते हैं, लेकिन कुछ अधिकारी अपनी कार्यशैली, व्यवहार और जनसेवा के ऐसे अमिट निशान छोड़ जाते हैं कि उनके जाने के बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं। ऐसा ही नाम है सिंगरामऊ थाने के पूर्व प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतज़र का, जिनकी लगभग 10 माह की तैनाती आज भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

अपने कार्यकाल के दौरान सैयद हुसैन मुंतज़र ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया। थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार, शरीफ और कानून का पालन करने वाले लोगों के प्रति विनम्रता तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति कठोर रुख उनकी पहचान बन गया था।

 

क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार पूर्व थाना प्रभारी स्वयं देर रात तक सक्रिय रहते थे। रात्रि गश्त के दौरान अक्सर रात तीन बजे तक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराते थे। हूटर बजाती पुलिस गाड़ियां क्षेत्र में कानून का संदेश देती थीं, जिससे असामाजिक तत्वों में भय और आम जनता में विश्वास बना रहता था।

 

त्योहारों के दौरान भी उनकी भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों के साथ संवाद स्थापित कर सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और शांति व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यकाल में बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का सफल संचालन प्रशासनिक कुशलता का परिचायक रहा।

 

ग्राम प्रधान महमूदपुर संजय सिंह, ग्राम प्रधान डंडारी दिनेश मिश्रा तथा जमऊपट्टी के ग्राम प्रधान लालदेव यादव , विधायक प्रतिनिधि गिरीश चंद्र मिश्रा, पूर्व प्रधान रामनारायण मिश्र ने कहा कि “सैयद हुसैन मुंतज़र का 10 माह का कार्यकाल कब बीत गया, इसका एहसास ही नहीं हुआ। पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही और अपराध का ग्राफ काफी नीचे रहा। जनता ने खुद को सुरक्षित महसूस किया।”

 

उन्होंने बताया कि पूर्व थाना प्रभारी के प्रयासों और सहयोग से रतासी चौराहे के उत्तर दिशा में स्थानीय लोगों द्वारा अंशदान कर एक पुलिस बूथ का निर्माण कराया गया, जो आज भी क्षेत्र की सुरक्षा का प्रतीक बना हुआ है। यह बूथ न केवल उनकी दूरदर्शी सोच का उदाहरण है बल्कि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय का भी प्रतीक माना जा रहा है।

 

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सैयद हुसैन मुंतज़र ने अपने कार्यकाल में पुलिस की छवि को जनहितैषी बनाने का कार्य किया। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन, संवेदनशीलता और अपराध नियंत्रण की नीति ने सिंगरामऊ क्षेत्र को एक नई पहचान दी। यही कारण है कि स्थानांतरण के बाद भी क्षेत्र की जनता उन्हें याद कर रही है और उनके द्वारा किए गए कार्यों की खुले दिल से सराहना कर रही है।

 

जनता का मानना है कि ऐसे अधिकारी किसी भी क्षेत्र के लिए प्रेरणा होते हैं, जो केवल अपने पद का निर्वहन नहीं करते बल्कि समाज के बीच विश्वास और सुरक्षा का मजबूत आधार भी स्थापित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *