जौनपुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा

*जौनपुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा*

*********************

*संवाद:माता चरण पांडे*

जौनपुर/मीरगंज जनपद पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जंघई व मछलीशहर थाना क्षेत्रों में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

 

मीरगंज थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सेमरी करौर मार्ग पर महुआ के पेड़ के पास से संजय सिंह (23) पुत्र फुल सिंह तथा विनोद कुमार (21) पुत्र प्रीतम सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्त कन्नौज जनपद के थाना ठठिया अंतर्गत रामनगर गांव के निवासी बताए गए हैं।

 

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्तों के पास से एक तमंचा तथा 0.315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त जामा तलाशी के दौरान प्रत्येक अभियुक्त के पास से 2000-2000 रुपये नकद भी मिले।

 

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 29/30 दिसंबर 2025 की रात जंघई रेलवे क्रॉसिंग, बभनियांव के पास एक मिठाई की दुकान के पीछे स्थित मकान का ताला काटकर चोरी का प्रयास किया था। इस मामले में मीरगंज थाने पर मु0अ0सं0 175/25 धारा 331(4)/305/62 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

 

इसके अलावा अभियुक्तों ने 17 सितंबर 2025 को मछलीशहर थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इस घटना में अभियुक्तों ने एक दुकान का ताला काटकर केमिकल का प्रयोग करते हुए घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। इस संबंध में मछलीशहर थाने पर मु0अ0सं0 287/25 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

 

अवैध असलहा बरामद होने के आधार पर मीरगंज थाने में अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0 001/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत एक अन्य मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *