*इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में रोहित यादव ने जीता स्वर्ण, क्षेत्र का बढ़ाया मान*
********************
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर/मछलीशहर। अदारी डभिया गांव के प्रतिभाशाली भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-9 में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
13 से 14 जून तक पंजाब के गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय जेवलिन थ्रोअर रोहित यादव ने 83.76 मीटर का भाला फेंककर पहला स्थान प्राप्त किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में राजस्थान के यशवीर सिंह ने 82.93 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र के शिवम लोहकारे ने 80.52 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
रोहित यादव की इस उपलब्धि से अदारी डभिया गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि रोहित ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
रोहित यादव प्रसिद्ध मैराथन धावक सभाजीत यादव के पुत्र हैं। बेटे की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभाजीत यादव ने कहा कि उनका सपना है कि रोहित भविष्य में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करें और देश के लिए पदक जीतकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया है कि रोहित यादव आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
