समाचार का असर: जमऊपट्टी अमृत सरोवर में जलभराव हेतु लगेगी ट्यूबवेल

*समाचार का असर: जमऊपट्टी अमृत सरोवर में जलभराव हेतु लगेगी ट्यूबवेल*

********************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

बदलापुर। विकासखंड बदलापुर के अंतर्गत सिगरामऊ क्षेत्र स्थित ग्राम जमऊपट्टी में निर्मित अमृत सरोवर में जलभराव की समस्या को लेकर प्रकाशित समाचारों का असर दिखाई देने लगा है। जिसमें दैनिक भास्कर न्यूज़ चैनल द्वारा ग्रामीण द्वारा ट्यूबवेल के माध्यम से जलाशय में पानी भरा जा रहा था, इस मामले को संज्ञान में लेते हुए खंड विकास अधिकारी बदलापुर ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

 

खंड विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधान लालदेव यादव, ग्राम विकास अधिकारी दुर्गेश तिवारी तथा ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला को निर्देशित किया है कि अमृत सरोवर में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्यूबवेल स्थापित कराने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाए। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान लालदेव यादव एवं ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला ने दी।

 

ग्राम प्रधान लालदेव यादव ने बताया कि विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए ट्यूबवेल स्थापना का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे अमृत सरोवर में वर्षभर पर्याप्त जल उपलब्ध रह सके।

 

उल्लेखनीय है कि यह अमृत सरोवर विभिन्न सुविधाओं से सुसज्जित है। इसके चारों ओर सफेद ईंटों से निर्मित खड़ंजा मार्ग बनाया गया है, जिसका उपयोग ग्रामीण मॉर्निंग वॉक तथा टहलने के लिए करते हैं। साथ ही लोगों के बैठने हेतु स्थान-स्थान पर सीमेंट की कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है।

 

ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला के प्रयासों से सरोवर परिसर में छायादार वृक्षों का रोपण किया गया था। वृक्षों की सुरक्षा के लिए चारों ओर बाड़ लगाई गई, जिसके परिणामस्वरूप अब ये वृक्ष बड़े होकर छाया प्रदान करने लगे हैं और सरोवर की सुंदरता में वृद्धि कर रहे हैं।

 

गौरतलब है कि हाल के दिनों में भीषण गर्मी के कारण पशु-पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ग्रामीणों ने अनूठी पहल की थी। ग्रामीणों द्वारा दूरस्थ स्रोतों से पाइपलाइन के माध्यम से सरोवर में पानी पहुंचाया जा रहा था।

 

अमृत सरोवर में ट्यूबवेल लगाए जाने की सूचना से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण गुलाब मौर्य, नन्हे मिश्रा, राहुल मिश्रा, योगेंद्र मिश्रा, अंबरीश मौर्य तथा डॉ. बेचन गुप्ता सहित अन्य लोगों ने खंड विकास अधिकारी बदलापुर एवं मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!