*प्रतापगढ़ : बारिश में गिरी जर्जर दीवार, एक ही परिवार के चार लोग घायल*
*डीएम ने सराय बहेलिया पहुंचकर जाना पीड़ितों का हाल, लेखपाल निलंबित*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़, 31 अगस्त 2026। तहसील सदर क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में सोमवार तड़के बारिश के दौरान जर्जर कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में घर में सो रहा एक ही परिवार मलबे की चपेट में आ गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की तत्परता से सभी
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची देवांशी को चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार हनुमान का पुरवा निवासी रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और बच्चों देवांशी व दिव्यांशु के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे लगातार हो रही बारिश के कारण घर के पीछे स्थित कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी ढह गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर परिवार के सभी
सदस्यों को बाहर निकाला और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद देवांशी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। डीएम ने परिवार को आपदा राहत के तहत एक लाख रुपये की सरकारी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
*प्रशासनिक लापरवाही पर कार्रवाई*
हादसे की सूचना समय से प्रशासन तक नहीं पहुंचने और कार्य में लापरवाही के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। मौके पर उप जिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
