पहेतियापुर पुल के पास पीली नदी में मिला गुमशुदा युवक का शव, दूसरे की तलाश जारी

*पहेतियापुर पुल के पास पीली नदी में मिला गुमशुदा युवक का शव, दूसरे की तलाश जार*

*दो दिन पूर्व घर से निकले थे दोनों दोस्त, दूसरे दोस्त के भी कपड़े मिले, पुलिस ने एनडीआरएफ टीम की मदद मांगी*

*************************

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिगरामऊ। थाना क्षेत्र के पहेतियापुर पुल के पास बहरा पार्क के समीप पीली नदी में सोमवार सुबह एक युवक का शव उतराया मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची सिगरामऊ पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। बाद में परिजनों ने शव की पहचान मल्लूपुर निवासी गोरख कुमार के रूप में की।

 

जानकारी के अनुसार, गोरख कुमार निवासी मल्लूपुर थाना सिगरामऊ और मोनू सपेरा हरिजन पुत्र रामकुमार निवासी बछाड़ी आपस में दोस्त थे। दोनों साथ रहते थे और सांप पकड़ने का कार्य करते थे। दोनों करीब दो दिन पूर्व घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे।

 

गोरख के पिता ने रविवार 30 अगस्त 2026 को सिगरामऊ थाने में दोनों के गुमशुदा होने की सूचना दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह पीली नदी बहरा पार्क के समीप में एक युवक का शव उतराने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पहचान करवाने में जुटी थी, जिसकी पहचान उक्त गुमशुदा युवक गोरख कुमार पुत्र रामआसरे निवासी ग्राम मल्लूपुर के रूप में की।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। वहीं दूसरे लापता युवक मोनू सपेरा हरिजन की तलाश में थाना प्रभारी सिगरा मऊ अखिलेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस ने नदी और आसपास के किनारों पर तलाशी अभियान चलाया। थाना प्रभारी अखिलेश मौर्य ने बताया कि मौके से मोनू के कपड़े भी बरामद होने की बात सामने आई है।

 

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी के आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन मोनू का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद थाना प्रभारी सिगरा मऊ ने उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम की मदद मांगी है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!