बिजली विभाग में भ्रष्टाचार मामले की जांच पर उठे सवाल, डीएम से कार्रवाई की मांग

*बिजली विभाग में भ्रष्टाचार मामले की जांच पर उठे सवाल, डीएम से कार्रवाई की मांग*

********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

 

जौनपुर/ मछली शहर -बिजली विभाग के मछलीशहर डिवीजन में कथित राजस्व घोटाले और भ्रष्टाचार के मामले में जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायतकर्ता ने जांच टीम पर मामले में लीपापोती कर अधिशासी अभियंता को बचाने का आरोप लगाया है।

 

मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी पवन कुमार पाण्डेय ने अधिशासी अभियंता मछलीशहर राजन कुमार पर स्थायी विच्छेदन (पीडी), लाइन स्थानांतरण, नए कनेक्शन समेत विभिन्न कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जांच की मांग की थी।

 

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पीडी के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की गई तथा विभागीय राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। मामले में साक्ष्य और शपथ पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद अधीक्षण अभियंता ने जांच के आदेश दिए थे। जांच टीम ने 16 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंप दी, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

 

शनिवार को जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में पवन कुमार पाण्डेय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच टीम मामले को दबाने और अधिशासी अभियंता को बचाने का प्रयास कर रही है। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *